‘दुर्योधन, दुशासन…राहुल जी ने शायद…’, अनुराग ठाकुर लोकसभा में बोले- अंकल सैम ने पर्ची में लिखकर दिया होगा
नई दिल्ली. नरेंद्र मोदी के लगातार तीसरी बार केंद्र की सत्ता संभालने के बाद सरकार की ओर से तीसरे कार्यकाल का पहला पूर्ण बजट पेश किया गया था. फिलहाल संसद का बजट सत्र चल रहा है और पक्ष के साथ ही विपक्षी दलों के नेता भी अपनी बात सदन के पटल पर रख रहे हैं. राहुल गांधी ने बजट सत्र के दौरान बहस में हिस्सा लेते हुए सरकार पर कई तरह के आरोप लगाए थे. उन्होंने सत्तारूढ़ दल पर भी करारा वार किया था. मंगलवार 30 जुलाई 2024 को भाजपा नेता और हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर ने बहस में हिस्सा लेते हुए राहुल गांधी के हर वार पर पलटवार किया. उन्होंने राहुल गांधी को एक्सीडेंटल हिन्दू बताते हुए कहा कि उनका महाभारत ज्ञान भी एक्सीडेंटल ही है. इस दौरान अनुराग ठाकुर ने दुर्योधन-दुशासन से लेकर शकुनी और जयद्रथ तक का उल्लेख कर डाला.