जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी 08 अगस्त को करेगा थाना गुरुर का घेराव।
बालोद (सजग प्रहरी)। बालोद जिले के बेबाक एवं मुखर आदिवासी पत्रकार विनोद नेताम का 30 जुलाई 2024 को क्षेत्रीय विधायक संगीता सिन्हा का पति पूर्व विधायक भैय्या राम सिन्हा एवं उनके गुर्गों के द्वारा अपहरण कर विधायक कार्यालय गुरुर में बेरहमी से मारपीट किया गया था जिसके चलते पूरे बालोद जिले के पत्रकारों, विभिन्न राजनीतिक दलों सहित आम जनमानस में भी भारी आक्रोश है।
जिले के संजारी बालोद विधान सभा क्षेत्र में विगत पांच–छः वर्षों से पूर्व विधायक भैय्या राम सिन्हा के कार्यशैली से अराजकता एवं आतंक का माहौल बताया जा रहा है। विगत 12 जुलाई के बाद से क्षेत्र में लगातार पूर्व विधायक के संरक्षण में एक के बाद एक कई अप्रिय घटनाएं घटित हो रही है, चाहे मामला शासकीय कार्य में कार्यरत कर्मचारी के साथ अश्लीलता तथा प्रताड़ना का हो, चाहे पार्षद कुन्ती सिन्हा को घर से घसीटकर मारपीट किए जाने का हो, चाहे पत्रकार विनोद नेताम का अपहरण कर मारपीट किए जाने का मामला हो, लगातार उनके आतंक से क्षेत्र में आक्रोश एवं असंतोष का माहौल बना हुआ है। फिर भी पुलिस प्रशासन क्षेत्र में शांति बहाली करने में नाकाम साबित हो रहे है। तथा विनोद नेताम का अपहरण कर मारपीट करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार करने में पुलिस प्रशासन हिला हवाला कर रहे हैं, इन सभी मुद्दों को लेकर दिनांक 08 अगस्त को जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के द्वारा थाना गुरुर का घेराव किया जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार उपरोक्त आंदोलन को कवरेज करने प्रदेश के कोने कोने से पत्रकारों का जमावड़ा होने की भी खबर आ रहा है। वही उपरोक्त आंदोलन को समर्थन देने विभिन्न राजनीतिक दलों सहित आम लोगों का हुजूम उमड़ने का भी कयास लगाये जा रहे है।