नशे में चूर वाहन चालक की लापरवाही के चलते स्कूली बच्चों से भरा टाटा मैजिक दुर्घटना ग्रस्त।
एक बच्चे की मौत तथा चार बच्चे घायल, एक बच्चे की हालत गंभीर।
बालोद /सजग प्रहरी / 31 दिसंबर 2024

बालोद जिला अंतर्गत स्वामी आत्मानंद स्कूल निपानी में अध्ययनरत बच्चों से भरी टाटा मैजिक CG05 F 0663 चालक की लापरवाही के चलते ग्राम सोहपुर एवं निपानी के बीच मंगलवार को सुबह 7.30 बजे दुर्घटना ग्रस्त हो गया। उक्त दुर्घटना में पांच बच्चों की घायल होने की जानकारी मिला था।
मृतक कुणाल साहू
घायल बच्चों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरूर ले जाया जा रहा था कि कक्षा सातवीं में अध्ययनरत 12 वर्षीय कुणाल साहू पिता दीनदयाल साहू ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। शेष चार बच्चों की इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरूर में किया जा रहा था जहां एक बच्चे की हालत गंभीर होने के चलते बेहतर इलाज के लिए धमतरी रिफर किया गया है तथा तीन बच्चों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार स्वामी आत्मानंद स्कूल निपानी जिला बालोद में बेलौदी, नागाडबरी, तमोरा, निपानी, सोहपुर, अर्जुनी, गोंडरी इत्यादि ग्रामों से बच्चे पढ़ने आते है। जो कि विद्यालय से लगभग 02 से 09 किलोमीटर तक की दूरी पर स्थित है। स्वामी आत्मानंद स्कूल निपानी के प्राचार्य रघुवीर सिंह नायक ने बताया कि विद्यार्थीयों के पालकों ने बच्चों के स्कूल आने जाने के लिए उक्त टाटा मैजिक को किराए पर लगाया हुआ है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वाहन चालक शराब के नशे में चूर था जिसके चलते यह हादसा घटित हुआ है। गुरूर पुलिस मर्म कायम कर वाहन चालक को गिरफ्तार कर आगे कार्यवाही में जुटा हुआ है। घायल बच्चों ने बताया कि वाहन चालक संजू पहली ट्रिप में बेलौदी के बच्चों को स्कूल छोड़ कर दूसरी ट्रिप में अर्जुनी, सोहपुर के बच्चों को लाने के लिए गया था। घायल लव राज ने बताया कि वाहन चालक के अर्जुनी, सोहपुर जाते समय मृतक कुणाल साहू एवं लव राज भी उनके साथ चले गए थे। उन्होंने बताया कि वापसी के दौरान वाहन चालक नशे में चूर होकर तेज रफ्तार में वाहन को चला रहा था तथा नियंत्रण खो डाला और वाहन दुर्घटना ग्रस्त हो गया।
