नगर पंचायत गुरूर में अध्यक्ष पद पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण टेके ने किया दमदार दावेदारी।
बालोद (सजग प्रहरी)। प्रदेश में नगरीय निकाय चुनावों की अध्यक्ष एवं पार्षद पदों की आरक्षण होने के बाद से राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई है। संभावित दावेदारों ने अध्यक्ष एवं पार्षद पद पर दावेदारी ठोकना शुरू कर चुके हैं वहीं कई संभावित उम्मीदवार अपने अपने राजनीतिक दलों के समक्ष दावेदारी पेश कर रहे हैं। इसी कड़ी में गुरूर नगर पंचायत के पूर्व पार्षद एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण टेके ने भी अपनी दमदार राजनीतिक छवि को लेकर भाजपा जिला संगठन के समक्ष अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी प्रस्तुत किया है।

अवगत हो कि नारायण टेके वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं में शुमार हैं तथा नगर के युवा वर्ग में उनकी अच्छी पकड़ बताए जाते हैं। नगर पंचायत गुरूर में अध्यक्ष पद पर उनकी दावेदारी के चलते अध्यक्ष पद की लालसा रखे कई लोगों की समीकरण बिगड़ते नजर आ रहे हैं। नारायण टेके नगर पंचायत गुरूर में नेता प्रतिपक्ष रहते हुए एक दमदार विपक्ष की भूमिका का निर्वहन करते हुए सत्तापक्ष के काले कारगुज़ारियों का विरोध करते हुए नगर विकास के मामले में हमेशा से मुखर रहे हैं। नगर पंचायत गुरूर के अस्तित्व में आने के बाद से अब तक के विपक्ष की भूमिका अदा कर चुके समस्त प्रतिनिधियों में श्री टेके जी की एक अलग पहचान है। नारायण टेके जी के अध्यक्ष पद पर किए गए दावेदारी से उनके समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है तथा उनके समर्थकों ने बड़े ही आत्मविश्वास के साथ मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि यदि भारतीय जनता पार्टी नारायण टेके पर भरोसा कर अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार घोषित करता है तो आगामी नगरीय निकाय चुनाव में वे भारी बहुमत के साथ विजय हासिल करेंगे। तथा नगर गुरूर का चहुमुखी विकास होगा।
