राज्यपाल रमेन डेका आधिकारिक दौरे पर पहुंचे बालोद।
बालोद सजग प्रहरी। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका अपने आधिकारिक दौरे पर मंगलवार को बालोद पहुंचे। वे दोपहर 3:45 बजे कलेक्टोरेट पहुंचे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत अपनी दिवंगत माता, चंपावती डेका की स्मृति में मौलश्री का पौधरोपण किया।
राज्यपाल ने शासकीय स्टालों का निरीक्षण किया और महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से बातचीत की।
उन्होंने विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली और उनकी प्रगति का जायजा लिया। इसके बाद, दोपहर 4 बजे उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें जिले में संचालित विभिन्न केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की।
राज्यपाल ने कहा – जल संरक्षण करना बेहद जरूरी
राज्यपाल डेका और अधिकारियों की बैठक शाम 5:50 बजे तक चली। इस दौरान उन्होंने जल संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि बालोद में जलस्तर तेजी से गिर रहा है, जिसे रोकने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाना आवश्यक है।
बालोद जिला मुख्यालय पहली बार पहुंचे राज्यपाल
बालोद जिला निर्माण के बाद, रमेन डेका पहले राज्यपाल हैं, जिन्होंने जिला मुख्यालय में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इससे पहले, पूर्व राज्यपाल अनुसुइया उइके डौंडीलोहारा के जामड़ीपाठ और राजाराव पठार के कार्यक्रम में बतौर अतिथि शामिल हुई थीं।
राज्यपाल ने देखा तांदुला जलाशय
समीक्षा बैठक के बाद राज्यपाल ने बालोद की जीवनदायिनी तांदुला जलाशय का दौरा किया और तांदुला परियोजना से संबंधित जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, आईजी रामगोपाल गर्ग, एसपी एसआर भगत, डीएफओ बलभद्र सरोटे, एएसपी मोनिका ठाकुर सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
संवाददाता–भगवान दास साहू की रिपोर्ट
