आवास प्लस 2.0 सर्वे में जॉब कार्ड अनिवार्य नहीं – संध्या अजेंद्र साहू सभापति महिला एवं बाल विकास विभाग
बालोद सजग प्रहरी। केन्द्र तथा राज्य सरकार की महत्वकांक्षी योजना प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चल रहे सर्वे में सिर्फ चार दिन ही शेष हैं। आने वाले इन चार दिनों में समस्त जिले और ब्लॉक के जनता जनार्दन से श्रीमती संध्या अजेंद्र साहू सभापति महिला बाल विकास विभाग जनपद पंचायत गुरूर ने आह्वान किया है कि आप सभी इस सर्वे में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले जिससे कि आने वाले समय में यह सर्वे आपको प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्राप्त करने में सहायता प्रदान कर सके।

उन्होंने कहा कि भविष्य में शासन की योजनाओं का लाभ उठाने में किसी भी हितग्राहियों को किसी भी प्रकार की समस्याओं का सामना करना ना पड़ें। उन्होंने सर्वे करने वाले सभी कर्मचारी साथियों जिसमें रोजगार सहायक, सचिव, सक्रिय महिला और कंप्यूटर ऑपरेटर जिनको प्रशिक्षण दिया गया है उन सभी से भी आग्रह किया है कि आप सभी सच्ची मन और लगन से काम आम लोगों का कार्य ईमानदारी से करें साथ ही हितग्राहियों को जो सर्वे में सुविधा देनी है यथा संभव मदद करें। वहीं उन्होंने कार्यों में कोताही बरतने वाले अधिकारी कर्मचारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा है कि यदि किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर उन पर कार्यवाही भी की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि कुछ ग्राम पंचायतों में कर्मचारियों की शिकायत मिली है कि उनके द्वारा लोगों को भ्रमित किया जा रहा है कि बिना जॉब कार्ड के सर्वे नहीं किया जा सकता ऐसा कहने वाले कर्मचारी के ऊपर उचित कठोर कार्रवाई की जाएगी। अवगत हो कि यह सर्वे आगामी 10 वर्षों के लिए किया जा रहा है। उक्त जानकारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी गुरुर उमेश रात्रे जनपद पंचायत गुरुर एवं ब्लॉक कोऑर्डिनेटर आवास शाखा चंद्रशेखर सिन्हा से प्राप्त हुई है।
