प्रथम पूज्य श्री गणेश जी की प्रतिमाएं ले रही है आकार

0
Share this news

कुरूद (सजग प्रहरी)।  आगामी सात सितंबर से घर-घर में एक बार फिर से गजानन स्वामी पधारने वाले है,मूर्तिकारों के द्वारा मंगलमूर्ति की प्रतिमा को आकार देने का कार्य अंतिम चरण की ओर है। कुरूद सहित अंचल में मूर्तिकार सिद्धिविनायक जी के मनभावन रूप को अपनी कलात्मकता से नया आयाम दे रहे है।
मिली जानकारी अनुसार कुरूद में डबरापारा स्थित मूर्तिकार पप्पू साहू जो वर्षो से विभिन्न देवी देवताओं की मूर्तियां बनाने का काम कर रहे हैं। वे इस बार भी नए नए रूप में गौरी के लाला गजानन महाराज को संवार कर अपनी प्रतिभा से लोगो का दिल जीत रहे है। मूर्तिकार पप्पू साहू ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि वे हर बार मूर्तियों को एक नया आकार देने की कोशिश करते आए है। लोगो की इच्छा और मांग के अनुरूप कुछ मूर्तियों को वे इस बार विशेष रूप से तैयार कर रहे है।
इस मूर्तिकला केंद्र में इस बार रामलला के पैटर्न में आकर्षक रूप में गणराज जी की भी मनभावन मूर्ति बनाई जा रही है, जो कि आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। वही कुछ  बड़ी मूर्तियों में गणेश जी की आकर्षक झांकी सहित अन्य कई रूपों में विघ्नहर्ता जी को आकार दिया जा रहा है। इसी तरह कई मूर्तिकारों के द्वारा कुरूद में अन्य स्थानों पर भी काफी आकर्षक मूर्तियां बनाई जा रही है, जो कि लोगो का मन मोह रही है। मूर्तियों को अंतिम रूप देने में कलाकार काफी मेहनत कर रहे है।वहीं कुरूद में विभिन्न समितियों द्वारा इस बार भी गणेश उत्सव की काफी विशेष तैयारियां की जा रही है। कुरूद नगर की गणेश स्थापना एवं विसर्जन झांकी जो जिले ही नही पूरे प्रदेश में काफी प्रसिद्ध रही है। इस तरह कहा जाए तो हर साल की तरह इस बार भी बप्पा के आगमन को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह नजर आ रहा है।

    वरिष्ठ पत्रकार बसंत ध्रुव एवं मुकेश कश्यप की रिपोर्ट 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों