पूर्व विधायक के काले करतूत से संजारी बालोद हुआ शर्मसार– राकेश यादव
बालोद (सजग प्रहरी)। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रदेश मंत्री राकेश यादव ने कांग्रेस के पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा द्वारा की जा रही गुण्डागर्दी, मारपीट एवं साजिश करने की घटनाओं की भर्त्सना करते हुए कहा कि पूर्व विधायक द्वारा गुण्डागर्दी कर कानून व्यवस्था बिगाड़ने का षड़यंत्र कर अराजकता का माहौल बनाया जा रहा है। उनके इस प्रकार के आचरण से पूरे संजारी बालोद विधान सभा क्षेत्र हुआ है शर्मशार।
मामले पर अपना पक्ष रखते हुए राकेश यादव ने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है और यहां पर सबको शांति पूर्वक अपनी बात रखने का अधिकार है। पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा द्वारा कानून व्यवस्था को धता बताकर अराजकता का माहौल बनाया जा रहा है, जिसका ताजा उदाहरण परसुली गुरुर निवासी टॉप भारत न्युज नेटवर्क के पत्रकार विनोद नेताम के साथ की गई मारपीट की घटना है। पूर्व प्रदेश मंत्री राकेश यादव ने मारपीट में गंभीर रुप से घायल विनोद नेताम के जल्द स्वस्थ होने को लेकर भगवान से प्रार्थना की है।
पूर्व विधायक अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं:
राकेश यादव ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व विधायक द्वारा अनुसूचित जनजाति के व्यक्ति के साथ मारपीट एवं गाली गलौच की गई जो कि कांग्रेस नेताओं के आदिवासी विरोधी चेहरे एवं मानसिक दिवालियेपन का परिचायक है। उन्हेांने कहा कि पूर्व विधायक अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं इसीलिए आम जनता एवं आदिवासी समाज के लोगों के साथ मारपीट एवं अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। राकेश यादव ने उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के एक कलमकार पर पूर्व विधायक और उनके लोगों ने बेरहमी से अटैक किया है। भारतीय जनता पार्टी पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा के इस आचरण की घोर निन्दा करती है तथा मांग करती है कि उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाही की जानी चाहिए।
गौरतलब हो कि ग्राम परसुली गुरूर निवासी टॉप भारत न्युज नेटवर्क के पत्रकार विनोद नेताम की रिपोर्ट पर पुर्व विधायक भैयाराम सिन्हा और अन्य लोगों के खिलाफ गुरुर थाना में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। एफ आई आर के मुताबिक संजारी बालोद विधानसभा के पूर्व विधायक भैय्या राम सिन्हा के द्वारा विनोद नेताम को जान से मारने की धमकी देकर गाली गलौच करते हुए जानलेवा हमला किया गया है।
कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा: राकेश यादव
राकेश यादव ने कहा कि, विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार आने के बाद प्रदेश की कानून और व्यवस्था लगातार सुधर रही है। मुख्यमंत्री साय प्रदेश में कानून व्यवस्था में सुधार लाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। ऐसे में लॉ एंड आर्डर बिगाड़ने वालों को किसी सूरत में बख्शा नही जाएगा।
संवाददाता– शालू देवांगन