स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभापति श्रीमती संध्या अजेंद्र साहू ने नई पीढ़ी में जगाया देशभक्ति का जज्बा।
बालोद / सजग प्रहरी।
बालोद जिला सहित समूचा हिंदुस्तान में आजादी के महापर्व को बड़े ही हर्ष उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया इसी कड़ी में जिले के ग्राम खुंदनी में भी जनपद पंचायत गुरूर की महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति श्रीमती संध्या अजेंद्र साहू के मुख्य अतिथित्य में ग्राम पंचायत परिसर सहित विभिन्न जगहों पर ग्रामीणों, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा स्कूली बच्चों की गरिमामयी उपस्थिति में राष्ट्र ध्वज तिरंगा का बड़े ही सम्मान पूर्वक किया गया ध्वजारोहण।

इस दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच विशाल दीवान जी सहित जनपद पंचायत गुरूर की सभापति श्रीमती संध्या अजेंद्र साहू ने क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित किया तथा उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए सभापति श्रीमती संध्या साहू ने कहा कि 15 अगस्त का दिन हम सभी भारतीयों के लिए गर्व, सम्मान और देशभक्ति की भावना से भरे होने का दिन है। यह दिन हमें स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश को अंग्रेजी हुकूमत से आज़ादी दिलाने के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। यह दिन हम समस्त हिन्दुस्तानियों के लिये ऐतिहासिक महत्व का दिन है। उन्होंने नई पीढ़ी को इस दिन से देशभक्ति की प्रेरणा लेने व देश के प्रति सम्मान व गर्व की भावना जागृत करने का आह्वान किया।

इस दौरान ग्रामीणों की मांग अनुरूप श्रीमती संध्या अजेंद्र साहू ने जिला खनिज न्यास निधि से दस लाख रुपए की लागत से निर्माण होने वाली प्रार्थना शेड निर्माण के नीचे अपने जनपद निधि से स्कूली बच्चों के मध्यान भोजन करने के लिए चेकर टाइल्स लगाने की घोषणा की ताकि मध्यान्ह भोजन में बच्चों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी ना हो।

श्रीमती संध्या साहू जी की सतत सक्रियता व उनकी जन विकास की निष्ठा को लेकर ग्रामीणों ने उनकी खुले दिल से सराहना की तथा लोगों ने उनकी उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें पुनः आशीर्वाद प्रदान किया।
