भक्तजनों ने मां दुर्गा को नम आंखों से अगले वर्ष पुनः आगमन की मनोकामना के साथ दी बिदाई।

कुरूद/सजग प्रहरी।
नौ दिनों से चल रहे नवरात्र की समापन मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के साथ हो गया। भक्तों ने अगले वर्ष माता के आगमन की मनोकामना कर नम आंखों से शुक्रवार को मां दुर्गा को विदाई दी। साथ ही अपने–अपने परिजनों व समाज के लिए सुख-समृद्धि और मंगल कामना का आशीर्वाद मांगा। क्वांर नवरात्र के नौ दिनों के अनुष्ठान के बाद शुक्रवार को जब माता की विदाई की बेला आई तो मां से दूर होने का गम कमोबेश हर भक्तों की अश्रुपूरित आंखों में स्पष्ट दिख रही थीं। वहीं दुर्गा विसर्जन की झांकी सांग, बाना और सेवा गीतो सहित डी.जे. और धमाल में लड़के, लड़किया और महिलाओं ने माता जी की जयकारे लगा कर जमकर नृत्य करते हुए नजर आई। दुर्गा विसर्जन को लेकर शहर भर में मां की अंतिम विदाई के दौरान भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा।

कुरूद नगर में विभिन्न दुर्गा पंडालों बजरंग चौक, थाना चौक, पुरानी मंडी, नया बाजार, पचरीपार और सूर्य नमस्कार चौक, शंकर नगर, सिरसा चौक, सरोजनी चौक, शांति नगर सहित संजय नगर में विराजित मां दुर्गा को भक्तों ने अश्रुपूरित आंखों से अंतिम विदाई दी। इस दौरान भक्तों और श्रद्धालुओं ने माता से सुख-समृद्धि और निरोग रहने की कामना कर रही थी। प्रतिमाओं को शहर के विभिन्न मार्गो सांघा रोड, कारगिल चौक, पुराना बस स्टैंड, मुख्य मार्ग पुराना बाजार, थाना रोड, चंडी मंदिर आदि स्थानों से घुमाया गया। इस दौरान महिला श्रद्धालु जगह-जगह आरती की थाली लेकर खड़ी संख्या में नजर आई जो पारंपरिक रूप से माता की पूजा अर्चना कर उन्हें नम आंखों से विदाई दी।

विदित हो कि कुरूद नगर में दशहरे के दूसरे दिन दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन करने की परंपरा चली आ रही है। विसर्जन के दौरान भक्तगण मां दुर्गा की प्रतिमा को झांकी के साथ शहर का भ्रमण किए। इस दौरान दर्शक दीर्घा की काफी भीड़ रही। किसी तरह की दुर्घटना न हो उसके लिए सुरक्षा की भी चाक चौबंद व्यवस्था रही। विसर्जन के दौरान एहतियातन वाहनों की आवाजाही रोक दी गई थी। दुर्गा विसर्जन नगर के विभिन्न तालाबों में विसर्जन किया गया। विसर्जन झांकी के दौरान बरखा रानी भी मां दुर्गा की स्वागत में बार बार बरस रही थी, वहीं भक्त गण बारिश के बीच में ही मां की प्रतिमा का विसर्जन किया। बारिश के बाद भी लोगों में भारी उत्साह बना रहा। विसर्जन के दौरान सड़क पर बड़े वाहनों का परिचालन रोक दिया गया था तथा इस दौरान पुलिस के जवान भी मुस्तैद रहे।
वरिष्ठ पत्रकार बसंत ध्रुव की रिपोर्ट
