प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन अब ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन चुका है।
ठेकेदार की मनमानी से खुडूभाठा व बरतुंगा गांव वाले रोज हो रहे हैं परेशान।
सारंगढ़–बिलाईगढ़ / सजग प्रहरी।
केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन के तहत “हर घर नल, हर घर जल” की अवधारणा को लेकर शुरू किए गए हर घर स्वच्छ पानी पहुंचाने की मुहिम दम तोड़ती नजर आ रही है। योजना को लेकर खूब ढिंढोरा पीटा गया कि अब कोई भी परिवार प्यासा नहीं रहेगा। लेकिन वास्तविकता यह है कि लोगों का प्यास कब बुझेगी यह तो अनिश्चित है, मगर विभाग द्वारा खोदे गए गड्ढे से दुर्घटना का शिकार होकर ग्रामीण चोटिल जरूर हो रहे हैं।

इस योजना अंतर्गत कार्यरत ठेकेदार को सरकार की असल मंशा एवं ग्रामीणों की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है उन्हें सिर्फ अपनी दुकानदारी करने से मतलब है, चाहे यह योजना पांच साल में पूरा हो या दस साल में। यही स्थिति लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में पदस्थ जिम्मेदारों की भी है। काम चाहे दशकों तक भी पूरा ना हो उन्हें तो मिलने वाली पगार मिलती ही रहेगी। इन ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों को आम जनता को हो रही परेशानियों से कोई मतलब नहीं है।
अवगत हो कि जल जीवन मिशन के तहत हर-घर पानी पहुंचाने की योजना के तहत नियम विपरीत सड़क के बीचो बीच पाइप बिछाने के नाम पर गहरे गड्ढे खोद दिए गए हैं, जिसे महीनों से खुला छोड़ दिया गया है। जो कि अभी तक वैसे ही बने हुए हैं, बारिश के चलते इन गड्डों में पानी जमा हो जा रहा हैं।

विभाग के अनुसार गांव-गांव में पानी की सप्लाई के लिए पाइप लाइन बिछायी गई है। वहीं खुडूभाठा से बरतुंगा पहुंच मार्ग जहां एक गाँव से दूसरे गाँव होकर जाना पड़ता है जिसको जल जीवन मिशन के ठेकेदार द्वारा लगभग 11 माह से अधिक समय से गढ्ढा खोद कर रखा गया है जिसमें ग्रामीण सड़क में बने गड्ढे में गिरकर चोटिल हो रहे हैं तथा दुर्घटना का सबब बना हुआ है। ठेकेदार की लापरवाही एवं विभाग की निष्क्रियता को लेकर जन मानस आक्रोशित होकर जल जीवन योजना के संबंधितों के खिलाफ मुखर हो गए हैं। बारिश में बढ़ रही परेशानी को देखते हुए ग्रामीण एवं गाँव के प्रधान में ठेकेदार पर काफ़ी नाराजगी देखी जा रही है
ग्राम प्रधान ने बताया कि योजना के तहत लंबे समय से गांव में काम शुरू हुआ था। यह अभी तक किसी भी मोहल्ले में पूर्ण नहीं हुआ है। जगह-जगह पाइप लाइन का काम अधूरा छोड़ दिया गया है। पाइप लाइन का कार्य अधूरा होने के चलते गांव की सड़कों में बारिश के समय चलना दूभर हो गया है। इनमे चलने वाले गांव के कई लोग चोटिल हो चुके हैं। ग्राम प्रधान का आरोप है कि ठेकेदार लापरवाही कर रहा है। बार बार बोलने के बावजूद भी ठेकेदार अपने हरकतों से बाज नहीं आ रहा हैं।
