बोड़रा से भानपुरी सड़क की स्थिति बेहद जर्जर, राहगीर परेशान !
क्षेत्र के लोगों सहित निर्वाचित जन प्रतिनिधियों ने शासन से तत्काल सड़क नवीनीकरण की किया है मांग।
बालोद/सजग प्रहरी
बालोद जिले के गुरूर विकास खण्ड अंतर्गत बोड़रा से भानपुरी जाने वाली लगभग पांच किलोमीटर सड़क की स्थिति बेहद जर्जर हो चुकी है, इस सड़क से आवागमन अत्यन्त दुष्कर हो गया है। क्षेत्र के लोगों व निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने शासन प्रशासन से तत्काल इस सड़क की नवीनीकरण की मांग की है।

अवगत हो कि इस सड़क का नवीनीकरण का कार्य लगभग आठ नौ वर्ष पहले किया गया था उस समय क्षेत्र के लोगों ने निर्माण कार्य में गड़बड़ी का आरोप लगाया था, लेकिन विभाग एवं संबंधित अधिकारियों ने क्षेत्र के लोगों की शिकायतों को अनसुना कर दिया था परिणाम स्वरूप ठेकेदार की अपनी मनमानी चलती रही।लफलस्वरूप सड़क निर्माण के चार महीने बाद ही सड़क उखड़ने लगा था। नियमानुसार सड़क निर्माण एजेंसी को पांच वर्ष तक बनाए गए सड़क की मरम्मत करने की जिम्मेदारी होती है लेकिन विभागीय जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते क्षेत्र के लोगों की शिकायतें दफन हो गया वहीं इसका खामियाजा क्षेत्र के लोगों को लम्बे समय से भुगतना पड़ रहा है।

विदित हो कि यह सड़क क्षेत्र के लोगों का ब्लाक मुख्यालय गुरूर आने जाने का एक मात्र मार्ग है, इसी सड़क से होकर स्कूली बच्चे शिक्षा अध्ययन करने गुरूर आना जाना करते हैं , ग्राम रमतरा, भानपुरी, सुर्रा, तमोरा के लोग दैनिक जीवन में हर कार्य के लिए इसी सड़क पर निर्भर है। स्वास्थ्य खराब हो जाने की स्थिति में मरीजों को अस्पताल तक ले जाने में खासी मशक्कत का सामना करना पड़ाता है। ग्राम भानपुरी के सरपंच तथा सरपंच संघ के गुरूर ब्लाक अध्यक्ष डाकेश साहू, ग्राम पंचायत सुर्रा के सरपंच नरेन्द्र ठाकुर, ग्राम पंचायत रमतरा के सरपंच श्रीमती नूतन साहू सहित क्षेत्र के ग्रामीणों ने उक्त सड़क की तत्काल नवीकरण की मांग किया है।
