परिवहन के अभाव में मोहारा सहित जिले के कई सोसायटियों में आगामी सप्ताह धान खरीदी हो सकती है प्रभावित।
बालोद सजग प्रहरी।
जिले के कई सेवा सहकारी समितियों में बफर लिमिट से चार गुना से भी ज्यादा धान खरीदी कर डंप किया जा चुका है लेकिन परिवहन के अभाव में खरीदी केन्द्रों में जाम की स्थिति बनी हुई है। तथा आगामी सप्ताह में धान खरीदी प्रभावित होने की संभावना बनी हुई है।
अवगत हो कि सेवा सहकारी समिति अरकार, खुदनी, दर्रा, बोहारा, बासीन, धनेली, सांकरा, निपानी, पिपरछेड़ी में दिनांक 15 नवम्बर से अब तक समर्थन मूल्य पर प्रत्येक सोसायटियों में 26 हजार क्विंटल से अधिक धान खरीदी की जा चुकी है। वहीं सभी सोसायटीयों में प्रत्येक का बफर लिमिट लगभग 7200 से 8000 क्विंटल धान रखने का है, इसके विपरीत सोसायटी में लगभग 26 हजार क्विंटल से अधिक धान डंपिंग किया जा चुका है। लेकिन शासन द्वारा अभी तक परिवहन शुरू नहीं किया है। तत्संबंध में प्राधिकृत अधिकारी राम कुमार सेन, मिथलेश साहू, राम कुमार साहू, केशव धनकर, यशवंत सिन्हा, बिसेसर साहू, चंद्रहास साहू, जितेन्द्र सांहड़ा, गोविन्द साहू के द्वारा डी एम ओ कार्यालय बालोद को दो–तीन बार पत्र व्यवहार के माध्यम से समस्याओं के संबंध में जानकारी प्रदान किया जा चुका है। लेकिन प्रशासन है कि इस ओर किसी भी प्रकार का सुध नहीं ले रहा है जिसके चलते सोसायटी में जाम की स्थिति बनी हुई है।
समस्याओं से अवगत कराते हुए उपरोक्त सोसायटियों के प्राधिकृत अधिकारीयों ने बताया कि परिवहन नहीं होने के कारण धान खरीदी बाबत जगह का अभाव हो रहा है, यदि परिवहन तत्काल शुरू नहीं हुआ तो आगामी सप्ताह में धान खरीदी प्रभावित होने की प्रबल संभावना बनी हुई है। उन्होंने शासन प्रशासन से तत्काल परिवहन जारी करने का मांग किया है।
