गलत बिजली कनेक्शन से ग्राम खैरवाही के घरों में मची तबाही, लाखों के उपकरण खाक
डौंडी (बालोद ): ग्राम पंचायत खैरवाही में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। वार्ड नंबर 02, बजरंग चौक पर मरम्मत कार्य के दौरान कथित तौर पर गलत बिजली कनेक्शन किए जाने से हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित हो गया। इसके चलते ग्रामीणों के घरों में रखे टीवी, फ्रिज, कूलर, वाशिंग मशीन और पंखे जैसे लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खाक हो गए। भारी नुकसान से आक्रोशित ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ जुलूस निकालकर मुआवजे की मांग की है।

मरम्मत के बाद बढ़ा वोल्टेज
ग्रामीणों ने बताया कि 22 मार्च को बिजली खंभे पर सुधार कार्य किया गया था। कर्मचारियों के वापस जाते ही जैसे ही बिजली आपूर्ति शुरू हुई, उच्च ताप (हाई वोल्टेज) के कारण उपकरणों से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों का आरोप है कि कर्मचारियों की तकनीकी चूक की वजह से यह हादसा हुआ है।

नुकसान की भरपाई के लिए प्रदर्शन
आर्थिक नुकसान झेल रहे पीड़ित ग्रामीणों ने एकजुट होकर बिजली विभाग के अधिकारियों का घेराव किया। जुलूस की शक्ल में कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने मांग की है कि बिजली आपूर्ति को तत्काल दुरुस्त किया जाए और हुए नुकसान का उचित आकलन कर मुआवजा दिया जाए।

कौन उठाएगा जिम्मेदारी?
फिलहाल विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि इस भारी आर्थिक क्षति की भरपाई विद्युत मंडल करता है, संबंधित ठेकेदार या फिर शासन-प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को राहत दी जाती है।
