भाजपा अजा मोर्चा की बड़ी तैयारी: डौंडी के खैरवाही में गूंजेगा ‘जय भीम-जय सतनाम’ का उद्घोष
बालोद। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अनुसूचित जाति मोर्चा जिला बालोद द्वारा आगामी 14 अप्रैल को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती भव्य रूप में मनाई जाएगी। जिला स्तरीय इस मुख्य कार्यक्रम का आयोजन डौंडी ब्लॉक के ग्राम खैरवाही में किया जाएगा, जहाँ जिले भर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
प्रमुख पदाधिकारी होंगे शामिल
कार्यक्रम की महत्ता को देखते हुए जिला अध्यक्ष डी.आर. डाहरे ने बताया कि इस आयोजन में अनुसूचित जाति मोर्चा के सभी जिला पदाधिकारी, सभी मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री और वरिष्ठ कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुँचाना और संगठनात्मक एकजुटता प्रदर्शित करना है।
सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम
तय कार्यक्रम के अनुसार, 14 अप्रैल को सुबह 10:30 बजे से खैरवाही (डौंडी) में कार्यक्रम की शुरुआत होगी। आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं। माधवन डोंगरे को कार्यक्रम प्रभारी और मातरम कोसरे को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
मोर्चा ने की उपस्थिति की अपील।
जिला अध्यक्ष डी.आर. डाहरे के साथ जिला महामंत्री जयलाल मालेकर और अनिल डाहरे ने मोर्चा के समस्त कार्यकर्ताओं से इस जिला स्तरीय आयोजन में बड़ी संख्या में पहुँचने का आह्वान किया है। ‘जय भीम, जय सतनाम’ के उद्घोष के साथ इस जयंती उत्सव को गरिमामय तरीके से मनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
