नगर पंचायत अध्यक्ष तपन चंद्राकर पर नगर वासियों को गुमराह कर मनमानी करने का लगा आरोप।
नेता प्रतिपक्ष भानू चंद्राकर
कुरूद (सजग प्रहरी)। नगर पंचायत अध्यक्ष तपन चंद्राकर पर मीडिया को गलत एवं भ्रामक जानकारी देने तथा निजी स्वार्थ के चलते नगर वासियों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए नेता प्रतिपक्ष भानू चंद्राकर जम कर बरसे। वहीं अध्यक्ष पर नगर पंचायत में परिषद की बैठक में वार्ड पार्षद को भी धोखे में रखकर उनके एक पत्र को बिना उनके जानकारी के एजेंडे में शामिल कर प्रस्ताव लाने का भी लगा है आरोप। हालांकि अनुभवी पार्षदों से राय मशविरा उपरांत नगर पालिका अधिकारी के द्वारा उक्त एजेंडे को विलोपित कर दिए जाने की जानकारी मिला है।
मामले पर विज्ञप्ति जारी कर बताया कि नगर पंचायत में चल रहे भर्राशाही को लेकर नेता प्रतिपक्ष भानू चंद्राकर ने नगर पंचायत परिषद की सामान्य सभा की बैठक पर भी तीखी आलोचना किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पंचायत अध्यक्ष तपन चंद्राकर व्यक्ति विशेष को लाभान्वित करने के उद्देश्य से मनमानी पर उतर आए है, उन्होंने बताया कि वृंदावन सरोवर वार्ड 10 में नगर के आम जनों के नहाने के लिए पूर्व से ही निर्मला घाट निर्मित है,
वहीं बाजु में गार्डन आने जाने हेतु गेट बनाया गया है तथा बगल में दुर्गामंच सहित विभिन्न प्रकार के आयोजनों के लिए शेड बनाया गया है जिसमे नगरवासी सहित वार्ड के लोग मृतक कार्य के दौरान मुंडन संस्कार का कार्य करने के अलावा मांगलिक कार्य सहित विभिन्न सार्वजनिक कार्यों के लिए उक्त जगह पर निर्भर रहते है।
उक्त जगह का अन्य प्रयोजन के लिए उपयोग किए जाने की स्थिति में लोगों को उपरोक्त कार्यों के लिए दर दर भटकना पड़ जायेगा। तथा अब उक्त जगह पर एक सिंगल दुकान बनाने के लायक भी जगह बाकी नही है। लेकिन अध्यक्ष तपन चंद्राकार के द्वारा नगर वासियों को गुमराह कर उक्त जगह पर शिक्षित बेरोजगारों के लिए पांच नग कांप्लेक्स निर्माण का प्रस्ताव लाया गया है, जिस पर नगर वासियों के हित को नजर अंदाज कर अध्यक्ष के द्वारा निर्मला घाट आने जाने वाली जगह को भी बेच डालने की साजिश का आरोप लगाते हुए नेता प्रतिपक्ष ने पूरजोर विरोध किया है। वहीं तपन चंद्राकर द्वारा दिए जा रहे दलील कि उक्त जगह वर्तमान में अनुपयोगी पड़ा हुआ है जिस पर कांप्लेक्स निर्माण किया जाएगा, जिस पर चुटकी लेते हुए नेता प्रतिपक्ष चंद्राकर ने कहा कि अध्यक्ष की नियत निर्मला घाट आने जाने वाली जगह को बेच खाने की है। चूंकि उक्त जगह पर कांप्लेक्स निर्माण किए जाने से घाट आने जाने का रास्ता सीधे तौर से अवरुद्ध हो जाएगा तथा वहां पर सिर्फ एक छोटी सी गेट बनाने लायक ही जगह बचेगा। शायद भविष्य में उनके द्वारा उक्त जगह पर भी गेट लगाकर निर्मला घाट जाने के लिए टिकिट अनिवार्य कर दे कुछ कहा नहीं जा सकता।
इसी प्रकार गौठान के पास मांगलिक भवन को किसी व्यक्ति विशेष को स्कूल संचालित करने के लिए किराये में देने के लिए प्रस्ताव पास किये है, जिसका भी विपक्ष ने विरोध करते हुए मांग किया है कि उक्त मांगलिक भवन को किसी किराये भंडार एवं केटरर्स व्यवसायी को किराये में देने के लिए पहले इस्तेहार आमंत्रित किया जाये और फिर परिषद द्वारा अनुमोदित कर ही इन्हें किसी व्यक्ति को सौंपा जाये। उपरोक्त मामले पर नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा पत्रकारों को झुठे बयानबाजी एवं गलत जानकारी देने के लिए नेता प्रतिपक्ष भानु चंद्राकर ने इसकी घोर निंदा की है तथा उसे झूठा करार दिया है।
वहीं मामले को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष तपन चंद्राकर ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि सामने त्रिस्तरीय एवं नगरीय निकाय का चुनाव है इसलिए नेता प्रतिपक्ष मुझ पर राजनीतिक द्वेष वश कुछ भी आरोप लगा रहे हैं।
वरिष्ठ पत्रकार बसंत ध्रुव एवं गोकुलेश सिन्हा की रिपोर्ट
