विधायक डोमन कोर्सेवाड़ा ने ग्राम सुर्रा में किया 32 लाख की पुलिया का भूमिपूजन, कर्मा जयंती समारोह में भी हुए शामिल
गुरूर (बालोद): अहिवारा विधायक डोमन कोर्सेवाड़ा ने बालोद जिले के ग्राम सुर्रा में मंडी बोर्ड द्वारा स्वीकृत 32 लाख रुपये की लागत वाले पुलिया निर्माण का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर वे ग्राम में आयोजित भक्त माता कर्मा जयंती कार्यक्रम में भी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।

पुरानी यादों ने किया भावुक
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कोर्सेवाड़ा भावुक हो गए। उन्होंने राजनीति में आने से पूर्व इसी ग्राम के मिडिल स्कूल में प्रधान पाठक के रूप में दी गई अपनी सेवाओं को याद किया। उन्होंने कहा कि सुर्रा के ग्रामीणों से उन्हें हमेशा आत्मीय स्नेह मिला है और वे इस गांव के विकास के लिए यथासंभव प्रयास करते रहेंगे।

धूमधाम से मनायी गई कर्मा जयंती
इससे पूर्व, भक्त माता कर्मा जयंती के अवसर पर स्थानीय कर्मा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और आरती की गई। इसके बाद गांव की गलियों में भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। अतिथियों ने माता कर्मा के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में रहे मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू ने की। विशेष अतिथि के रूप में पूर्व विधायक वीरेन्द्र साहू, जन सेवक राकेश यादव, साहू समाज अध्यक्ष बीरेंद्र सांहड़ा, सरपंच नरेन्द्र ठाकुर और पूर्व सरपंच खिलेश्वरी गंजीर सहित बड़ी संख्या में स्वजातीय बंधु एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
