ग्राम अरकार में जन समस्या निवारण शिविर संपन्न: अवैध नशे और वृक्षों की कटाई पर बरसीं जनपद अध्यक्ष

0
Share this news

अरकार (बालोद): बालोद जिले के गुरूर विकासखंड के अंतर्गत ग्राम अरकार में बुधवार, 03 जून 2026 को जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पहुँचकर अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर चन्द्रकांत कौशिक विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिनकी देखरेख में कई शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया गया।

 

अवैध गतिविधियों पर प्रशासन को घेरा
शिविर के दौरान जनपद पंचायत गुरूर की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता संजय साहू ने क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर कड़ा रुख अपनाया।

उन्होंने क्षेत्र में बढ़ते अवैध नशे के कारोबार और पर्यावरण को हो रहे नुकसान पर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। श्रीमती साहू ने नाराजगी जताते हुए कहा कि क्षेत्र में शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों की अवैध बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। इसके साथ ही उन्होंने हरे-भरे वृक्षों की अवैध कटाई और नियम विरुद्ध संचालित हो रहे लाल ईंट भट्ठों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।
प्रशासन की सुस्ती पर जताई नाराजगी

जनपद अध्यक्ष ने इन गंभीर मामलों पर प्रशासन के ‘सुस्त और ढुलमुल’ रवैये की आलोचना की। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से आग्रह किया कि केवल आश्वासन देने के बजाय इन अवैध गतिविधियों पर कड़ी और त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र के पर्यावरण और युवाओं के भविष्य को बचाया जा सके।
त्वरित निराकरण का मिला आश्वासन
शिविर में शासन के विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी स्टाल लगाए गए थे, जहाँ संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदनों पर अपर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जो समस्याएं तत्काल हल की जा सकती हैं, उन्हें शिविर स्थल पर ही सुलझाया जाए। शेष गंभीर एवं तकनीकी मामलों के लिए समय-सीमा निर्धारित करते हुए प्रशासन ने उन्हें तत्परता से निराकृत करने का भरोसा दिलाया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों