बालोद जिले में प्रशासन पर रेत माफिया भारी, जांच प्रतिवेदन बनाने गए हल्का पटवारी एवं पत्रकारों पर जानलेवा हमला।
रेत चोर ओमू साहू एवं उनके गुंडों ने लोहे की पाइप, डंडा से किया प्राणघातक हमला।
पटवारी डोमेंद्र नेताम एवं पत्रकार अमित मंडावी ने भाग कर बचाई जान।
पत्रकार कृष्णा गंजीर गंभीर रूप से घायल , आई गंभीर चोटें।

बालोद /15 मई 2025
प्रदेश मे अवैध कारोबार में संलिप्त अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे किसी भी लोगों की चाहे वे शासकीय अधिकारी, कर्मचारी हो या पत्रकार उनके साथ दबंगई पूर्वक अपहरण, हत्या, मारपीट जैसे कृत्यों पर आमदा है जिसे नियंत्रण करने में शासन प्रशासन नाकाम साबित हो रहे है। प्रदेश में लगातार देखने को मिल रहा है कि अवैध कारोबार एवं भ्रष्टाचार इतना हावी हो चुका है कि कम समय में अनैतिक रूप से रुपया कमाकर अरबपति बनने के लिए चाहे नेता हो चाहे गुंडा किसी भी स्तर तक गिरने पर उतारू नजर आ रहे हैं। मामला चाहे बीजापुर के पत्रकार मुकेश चंद्रकार का निर्मम हत्या हो, या बलरामपुर के बनवाल थाना क्षेत्र के पुलिस आरक्षक शिवबचन सिंह को रेत तस्करों के द्वारा वाहन से रौंदने का मामला हो, प्रदेश में ऐसे अनगिनत मामले है जहां पर पत्रकार इन माफियाओं के द्वारा प्रताड़ित हो रहे है तथा कुचले जा रहे है। लेकिन शासन प्रशासन इन आपराधिक कृत्यों को रोक नहीं पा रहा है।

इसी प्रकार बालोद जिले के ग्राम मरकाटोला स्थित देवकी बाई ठाकुर के फार्म हाउस में अवैध रूप से चोरी कर रखे रेत भंडारण की जांच बाबत अनुविभागीय अधिकारी गुरूर राम कुमार सोनकर के निर्देश पर हल्का पटवारी डोमेंद्र नेताम दिनांक 13 मई 2025 को गया हुआ था। मामले की जानकारी होने पर मामले को कवरेज करने एवं खबर बनाने अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति जिला बालोद के जिला अध्यक्ष व अमृत संदेश अखबार के संवाददाता कृष्णा गंजीर एवं पत्रकार अमित मंडावी भी पहुंचे थे। जहां पर भंडारित रेत की फोटो वीडियो बनाने एवं उक्त रेत की आवाक पर्ची पूछे जाने से बौखलाए रेत तस्कर ओमू उर्फ उमेश्वर कुमार साहू पिता गौकरण साहू ने पटवारी डोमेंद्र नेताम एवं पत्रकारों को हाईवा वाहन से रौंदने की कोशिश किया। पटवारी एवं पत्रकारों ने दौड़कर अपनी जान बचाया। अपने इरादों में नाकाम रेत चोर (तस्कर) एवं उनके गुंडों ने पत्रकार कृष्णा गंजीर पर लोहे की पाइप एवं डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या करने की नापाक कोशिश किया तथा पुनः हाईवा से रौंदने का प्रयास किया। घायल पत्रकार किसी तरह जख्मी हालात में भाग कर अपना जान बचाया तथा राहगीरों के मदद से थाना पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराया है। जहां पर पुरूर पुलिस भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2),191(2), 191(3), 190, 109 के तहत प्रकरण दर्जकर विवेचना में लिया है।
पटवारी एवं पत्रकारों को कुचलने के लिए प्रयुक्त किए गए हाईवा तथा मारपीट में उपयोग किए गए लोहे की पाइप एवं डंडों को जप्त किया गया है तथा 08 आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है तथा दो आरोपी ओमू साहू एवं रविकांत साहू फरार है जिसे बहुत जल्द गिरफ्तार कर लेने का दावा पुलिस प्रशासन ने किया है।
रेत चोर ओमू उर्फ उमेश्वर साहू
अपने आका कांग्रेसी नेताओं के साथ रविकांत
*बिना रॉयल्टी के अवैध तरीके से नदियों से रेत चोरी कर करोड़ों रुपयों की रेत का किया गया है भंडारण *।
असल मामले से अवगत हो कि ग्राम मरकाटोला स्थित देवकी बाई ठाकुर के फार्म हाउस में ओमू उर्फ उमेश्वर कुमार अड़ील पिता गौकरण साहू निवासी ग्राम चूल्हापथरा तहसील गुरूर जिला बालोद ने अपने नाम पर रेत भंडारण बाबत अनुमति ले रखा है तथा रेत भंडारण केन्द्र मरकाटोला से गंतव्य तक रेत परिवहन करने हेतु जिला बालोद खनिज शाखा से रॉयल्टी बुक भी ले रखा है, लेकिन रेत भंडारण केन्द्र में भंडारित लगभग बाइस–तेईस हजार घन मीटर रेत किस नदी से कब और किस नंबर की रॉयल्टी पर्ची से आवक हुआ है इसकी कोई वैध आवक दस्तावेज नहीं है। इसी मामले की जांच हेतु अनुविभागीय अधिकारी गुरूर के निर्देश पर हल्का पटवारी डोमेंद्र नेताम जांच प्रतिवेदन तैयार करने भंडारण केन्द्र मरकाटोला गया हुआ था। जहां पर माफिया एवं उनके गुंडों ने घटना को अंजाम दिया।
