संगीता सिन्हा बनीं प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रभारी अध्यक्ष, समर्थकों में भारी उत्साह
बालोद। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के हाईकमान ने संजारी बालोद की विधायक संगीता सिन्हा पर भरोसा जताते हुए उन्हें छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रभारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। क्षेत्र से लगातार दूसरी बार विधायक चुनी गईं श्रीमती सिन्हा को उनकी मिलनसार छवि और आम जनता के बीच गहरी पकड़ के चलते यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस घोषणा के बाद से ही उनके समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
राजनीतिक गलियारों में इस नियुक्ति को सिन्हा दंपति की क्षेत्र में ‘तीसरी पारी’ के रूप में देखा जा रहा है। संगीता सिन्हा ने अपने मृदुभाषी व्यक्तित्व के जरिए राजनीति में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। उनकी यह छवि उनके पति और पूर्व विधायक भैय्या राम सिन्हा की दबंग कार्यशैली के ठीक विपरीत मानी जाती है, जिसे जनता ने काफी पसंद किया है। हाईकमान ने आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती देने और महिला विंग को सक्रिय करने के उद्देश्य से संगीता सिन्हा के अनुभव और लोकप्रियता को प्राथमिकता दी है।
