आखिर शासन प्रशासन भैय्या राम सिन्हा एवं उनके समर्थकों पर मेहरबान क्यों? –दुर्गानंद साहू
मामले में तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार करने की किया है मांग।
बालोद (सजग प्रहरी)। नगर गुरुर के बाजार चौंक में अवैध रूप से निर्माणाधीन कांप्लेक्स को दिनांक 12 जुलाई 2024 को प्रशासन के द्वारा ढहाए जाने के दौरान प्रशासन के आदेश पर कार्यरत जेसीबी चालक को पूर्व विधायक भैय्या राम सिन्हा एवं उनके समर्थकों के द्वारा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न कर अश्लीलता पूर्वक गाली गलौज कर प्रताड़ित किए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता दुर्गा नंद साहू ने मीडिया के माध्यम से शासन प्रशासन से सवाल किया है कि आखिर आज तक उक्त मामले में प्राथमिकी दर्ज क्यों नही की गई है ?
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता दुर्गानंद साहू ने शासन प्रशासन पर तीखा हमला करते हुए सवालिया लहजे में कहा कि आखिर ऐसा क्या कारण है कि दिनांक 12 जुलाई 2024 को प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में सार्वजनिक स्थान पर शासकीय कार्य में कार्यरत जे सी बी चालक को माँ बहन की बुरी बुरी गाली देते हुए शासकीय कार्य मे पूर्व विधायक भैय्याराम सिन्हा एवं उनके समर्थकों द्वारा बाधा पहुंचा कर अपराधिक कृत्य किया है जिसे वायरल विडियो फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा व सुना जा सकता है। लेकिन शासन प्रशासन की ओर से अभी तक उक्त मामले में अपराध पंजीबद्ध नही किया जाना क्या भैय्याराम सिन्हा के प्रति मेहरबानी नही है? क्या वहां पर उपस्थित अधिकारियों का अपने कर्तव्यों के प्रति उदासीनता नही है? क्या घटित अपराध को छुपाने का प्रयास नही है?
मामले पर दुर्गानंद साहू ने शासन प्रशासन से मांग किया है कि उक्त मामले में भैय्या राम सिन्हा एवं उनके समर्थकों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचा कर शासकीय कार्य में कार्यरत जे सी बी चालक का उत्पीड़न करने का अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल गिरफ्तार करें।