तेज आंधी-तूफान का तांडव: बालोद के भेंडिया नवागाँव में BSNL टावर धराशायी, जनजीवन प्रभावित

0
Share this news

बालोद। जिले के बालोद ब्लॉक अंतर्गत आने वाले ग्राम भेंडिया नवागाँव में प्रकृति का रौद्र रूप देखने को मिला। अचानक आए तेज आंधी-तूफान और हल्की बारिश ने गाँव में भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा में खेत में लगा एक BSNL टावर जड़ से उखड़कर पूरी तरह ध्वस्त हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या अनहोनी नहीं हुई है।


तूफान की तीव्रता इतनी अधिक थी कि गाँव में जगह-जगह विशालकाय पेड़ जड़ से उखड़कर सड़कों पर आ गिरे, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। पेड़ों के गिरने से बिजली के तार भी टूट गए हैं, जिसके कारण पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब गया है। ग्रामीणों के अनुसार, आंधी इतनी अचानक आई कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। फिलहाल, स्थानीय प्रशासन और विभाग को नुकसान की सूचना दे दी गई है ताकि बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके और मलबे को हटाया जा सके।
मौसम के इस मिजाज ने विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा दी है। एक ओर जहां शुरुआती सुस्ती के बाद मानसून ने रफ्तार पकड़ी है, वहीं अलनीनो (El Nino) का साया अब भी बरकरार है। मानसून की गति में तेजी आने के बावजूद बारिश की स्थिति अब भी संतोषजनक नहीं है। किसानों को अच्छी बारिश की उम्मीद थी, लेकिन फिलहाल केवल तेज हवाओं और छिटपुट बौछारों ने ही दस्तक दी है, जो कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त नहीं है।

 

                       संवाददाता हेमलाल साहू की रिपोर्ट 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों