नगर कुरूद में धूमधाम से निकली कांवर यात्रा।
बोल बम के नारों से गूंजा नगर ,वातावरण हुआ शिवमय,उमड़ी आस्था।
कुरूद (सजग प्रहरी)। रविवार को चंद्राकर भवन कुरूद से मातृशक्तियों की कांवर यात्रा मेघा स्थित महानदी संगम पहुंची। जहां पर शिव भक्त माताओं-बहनों ने महानदी का पावन जल कांवर में लेकर मेघा से पैदल यात्रा कर कुरूद पहुंचे। डीजे की मधुर थाप पर नाचते-गाते शिवभक्त मेघा से गाड़ाडीह , उमरदा ,गांधी चौक कुरूद होते हुए पुराना बाजार , सरोजनी चौक ,कारगिल चौक से सीधे चंद्राकर भवन स्थित शिव मंदिर पहुंच कर भोले बाबा पर कांवर का जल अर्पण कर पुण्य के भागी बने।
इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित नारी शक्तियों में विशेष उत्साह नजर आया। श्री शिवाय नमस्तुभ्यं, हर हर महादेव बोल बम का नारा है बाबा एक सहारा है, आदि की गूंज से मेघा से कुरूद तक मधुर ध्वनि ने वातावरण को शिवमय बना दिया। इस यात्रा में हर वर्ग की महिलाएं, बेटियां शामिल हुई। कार्यक्रम के आयोजकों द्वारा यात्रा के प्रारंभ से लेकर अंत तक समूची व्यवस्था को बनाए रखने में अपनी सहभागिता प्रदान की। सभी ने सावन के चौथे सोमवार के पूर्व आयोजित इस यात्रा में अपनी आस्था और भक्ति से देवो के देव महादेव की स्तुति कर परिवार एवं जनकल्याण की कामना की।
वरिष्ठ पत्रकार बसंत ध्रुव