जिले के पटवारियों का डी.एस.सी. बंद होने से राजस्व विभाग में किसानों का नही हो रहे है काम।
किसानों को हो रहे परेशानियों से राजस्व मंत्री है अनजान।
बालोद (सजग प्रहरी) बालोद जिले के पटवारियों की डी.एस.सी. लगभग महीने भर से ज्यादा समय से बंद बताया जा रहा है जिसके कारण राजस्व विभाग में किसानों के फौती नामांतरण, खाता विभाजन जैसे अनेकों काम ठप्प पड़े हुए हैं जिसके चलते जिले के किसानों को आर्थिक एवं मानसिक रूप से परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। लेकिन छत्तीसगढ़ शासन का राजस्व विभाग है कि समस्याओं को निराकृत करने में कोई पहल करते हुए दिखाई नही दे रहा है, बल्कि किसानों की समस्याओं से मुंह मोड़ अपनी डफली अपनी राग अलापने में मशगूल बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ सरकार के द्वारा भले ही शासन स्तर पर हर सरकारी कामों के लिए एक निश्चित समय सीमा निर्धारित कर रखा है कि कौन से काम कितने दिनों में अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाना है। तथा तत्संबंध में शासकीय कार्यालयों में बड़े बड़े फलैक्स के रूप में सिटीजन चार्ट अंकित कर सुशासन का ढिंढोरा पीट रहे हैं, लेकिन वर्तमान समय में हकीकत में धरातल पर नियमानुसार कोई भी काम समय पर होते दिखाई नहीं दे रहा है जो कि लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है।
इसी क्रम में बालोद जिले के राजस्व विभाग का मामला सामने आया है जिसमे किसानों के फौती नामांतरण, आपसी खाता विभाजन जैसे प्रमुख कार्य कई महीनों से लंबित पड़े हुए हैं। राजस्व न्यायालय आए हुए कई पक्षकारों ने बताया कि उनके मामले विगत पांच छः महीनों से भी ज्यादा समय से लंबित पड़े हुए हैं। जिसके चलते किसानों को आर्थिक एवं मानसिक रूप से परेशान होना पड़ रहा है। मामले पर गुरुर अनुविभाग के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुश्री प्राची ठाकुर से जानकारी लेने पर उनके द्वारा बताया गया कि पटवारियों का डी एस सी विगत एक महीने भर से भू अभिलेख विभाग के एन आई सी शाखा से बंद है जिसके चलते किसानों के काम रुके हुए है,मामले पर कलेक्टर महोदय बालोद के द्वारा भू अभिलेख अधीक्षक को बहुत पहले से ही अवगत करा दिया गया है, लेकिन समस्याएं बहाल क्यों नहीं हो रहा है इस पर मैं कुछ नहीं कह सकती। वहीं अपर कलेक्टर बालोद कौशिक ने बताया कि मामले को लेकर लगातार एन आई सी से संपर्क में है संभवतया एक हप्ते में सभी पटवारियों का डी एस सी चालू हो जायेगा तथा समस्त लंबित प्रकरणों का त्वरित गति से निपटारा किया जाएगा। वहीं मामले पर राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने बालोद जिले के पटवारियों का डी एस सी बंद होने के बारे में अनभिज्ञता जाहिर करते हुए संबंधित भूअभिलेख अधीक्षक से जानकारी लेकर मामले का समाधान करने की बात कहा है।
संवाददाता – सुश्री शालू देवांगन
