खबर का असर– डेढ़ महीने से बंद जिले के पटवारियों का डीएससी हुआ चालू।
खबर का असर
बालोद (सजग प्रहरी)। बालोद जिले के पटवारियों का डी.एस.सी. भू अभिलेख शाखा (NIC) से विगत लगभग डेढ़ महीने से ज्यादा समय से बंद बताए जा रहे थे जिसके कारण राजस्व विभाग में किसानों के फौती नामांतरण, खाता विभाजन जैसे अनेकों काम ठप्प पड़े हुए थे। जिसके चलते जिले के किसानों को आर्थिक एवं मानसिक रूप से परेशानियों से जूझना पड़ रहा था। मामले को लेकर न्यूज पोर्टल सजग प्रहरी ने दिनांक 23 अगस्त 2024 को समाचार प्रकाशित करते हुए इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। तथा मामले को लेकर सजग प्रहरी के संपादक कृष्णा गंजीर ने जिले के किसानों को हो रही समस्याओं से प्रदेश के राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा जी को अवगत कराते हुए जिले के पटवारियों का बंद पड़े डी एस सी को तत्काल चालू करवाने का आग्रह किया था, फलस्वरूप मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री महोदय ने मामले को संज्ञान में लेकर समस्याओं का निराकरण करवाते हुए बंद डी एस सी को चालू करवा दिया है। अब जिले के पटवारियों का डी एस सी चालू हो जाने से किसानों के पड़े पेंडिंग काम त्वरित गति से होने की उम्मीद की जा रही है।
विदित हो कि बालोद जिले के किसानों के फौती नामांतरण, आपसी खाता विभाजन जैसे प्रमुख कार्य कई महीनों से लंबित पड़े हुए थे। राजस्व न्यायालय आए हुए कई पक्षकारों ने अपनी आप बीती बताया कि उनके मामले विगत पांच छः महीनों से भी ज्यादा समय से लंबित पड़े हुए हैं। जिसके चलते उन्हें आर्थिक एवं मानसिक रूप से परेशान होना पड़ रहा है। मामले की जानकारी देते हुए चर्चा करने पर जिले के अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक ने सजग प्रहरी के संपादक कृष्णा गंजीर को आश्वत किया था, कि जैसे ही डी एस सी चालू होता है किसानों की समस्याओं को देखते हुए राजस्व अधिकारी एवं कर्मचारीयों को पेंडिंग काम त्वरित गति से निपटाने के लिए निर्देशित करेंगे। चूंकि अब बंद डी एस सी पुनः चालू हो गया है। अब देखने वाली बात होगी की किसानों की समस्याएं कितनी द्रुत गति से हल होता है।
संवाददाता–विद्या सागर गंजीर
