ग्राम पंचायत परसुली में वृद्धजनों का किया गया सम्मान।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्रीमती संध्या अजेन्द्र साहू विशेष रूप से हुई शामिल।
गुरुर (सजग प्रहरी)। बालोद जिलांतर्गत गुरुर विकास खण्ड के ग्राम पंचायत परसुली में ग्राम सभा का आयोजन किया गया जहां पर ग्राम के प्रथम व्यक्ति सरपंच श्री मोती राम देवांगन के द्वारा ग्राम सभा में उपस्थित ग्राम के वृद्धजनों का तिलक लगाकर एवं उन्हें गमछा भेंट कर सम्मानित किया गया।

उक्त सम्मान कार्यक्रम में क्षेत्र की जनपद सदस्य श्रीमती संध्या अजेन्द्र साहू ने भी सम्मिलित होकर अपनी सहभागिता निभाई। इस दौरान श्रीमती साहू ने ग्राम के उपस्थित जनता–जनार्दन को शासन द्वारा संचालित योजनाओं से अवगत कराते हुए योजनाओं का बढ़–चढ़ कर लाभ लेने की अपील किया, जिससे कि जीवन में आने वाली कठिनाईयों का सरलता से समाधान हो सके।

वहीं उपस्थित जन समुदाय से अनुरोध करते हुए कहा कि हमारे बीच मौजूद देव तुल्य बुजुर्गजनों से सलाह मशविरा करते हुए उनके बताए हुए तजुर्बों एवं मार्गों का अनुसरण करने से हमारी जीवन की पथरीली राहें निश्चित ही आसान होती चली जायेगी इसलिए हमेशा इन बुजुर्गों का मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद लेते रहें। साथ ही साथ स्वच्छताग्राही माताओं, बहनों को भी टोपी, दस्ताना, और कुर्ती भेंटकर उन्हें सम्मानित करते हुए मोदी जी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने मे सहयोग प्रदान करने की अपील की।
