जिले में धीमी गति से परिवहन के चलते समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की स्थिति चरमराई।
बालोद (सजग प्रहरी)। जिले के धान खरीदी केंद्रों में समुचित परिवहन के अभाव में धान जाम होने के कारण आखिरकार खरीदी बंद होने का मामला लगातार सामने आ रहा है। जिले के सेवा सहकारी समिति पलारी में जगह के अभाव में आज समर्थन मूल्य पर धान खरीदी बंद रहने की जानकारी सामने आ रही है। वहीं बुधवार को जिले के कुसुमकसा सेवा सहकारी समिति के धान खरीदी केंद्र में भी धान खरीदी बंद रही। इसी प्रकार विगत दिनों जिले की मिर्रिटोला धान खरीदी केंद्र भी प्रभावित रहा। यही स्थित धान खरीदी केंद्र धनोरा की भी बताई जा रही है।

अवगत हो कि समय पर आवश्यकता अनुसार खरीदे गए धान की परिवहन नहीं होने के कारण जगह की कमी के चलते धान खरीदी प्रभावित हो रही है। चूंकि अधिकांश सोसायटियों में बफर लिमिट से तीन से चार गुना धान का स्टॉक हो गया है। कुसुमकसा सोसायटी में अब तक 33610 क्विंटल से अधिक धान की खरीदी की जा चुकी है लेकिन परिवहन के अभाव में किसानों से धान खरीदी करने के लिए जगह की कमी होने के कारण धान खरीदी बंद रही।
विदित हो कि कुसुमकसा सहित आसपास के कुल सात ग्राम पंचायतों के चौदह गांवों के किसान प्रभावित हुए हैं। बुधवार को 68 किसानों का धान खरीदी करने हेतु टोकन काटा गया था लेकिन अव्यवस्था के चलते किसान अपना धान नहीं बेच पाए। इसके अलावा जिले के कुछ और धान खरीदी केंद्रों में भी धान खरीदी बंद होने की जानकारी सामने आ रही है।
अवगत हो कि जिले के चौसठ हजार बियानबे किसानों से अब तक 28 लाख 49 हजार 09 सौ 60 क्विंटल धान खरीदी की जा चुकी है। लेकिन किए जा रहे धान खरीदी के हिसाब से परिवहन नहीं होने से यह स्थिति उत्पन्न हो रही है जिस ओर शासन को तत्काल ध्यान देकर समस्याओं का अविलंब निराकरण करना होगा अन्यथा स्थिति और भी विकराल होने की संभावना बनी हुई है।
छ ग प्रदेश ब्यूरो विद्या सागर गंजीर की रिपोर्ट
