जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की स्थिति चरमराई, कई सोसायटियों में खरीदी बंद।
अव्यवस्था का आलम इसी प्रकार रहा तो आगामी दिनों में किसानों के आक्रोश को संभालना शासन प्रशासन के लिए होगा मुश्किल।
बालोद / 16 दिसंबर 2024/ सजग प्रहरी
जिले के धान खरीदी केंद्रों में समुचित परिवहन के अभाव में धान जाम होने के कारण आखिरकार खरीदी बंद होने का मामला लगातार सामने आ रहा है। जिले के आदिम जाति सेवा सहकारी समिति गुदुम, साल्हे सहित कई सोसायटियों में जगह के अभाव में सोमवार से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी बंद है। वहीं मंगलवार से जिले के कुआंगोंदी, आमाडूला सोसायटियों के धान खरीदी केंद्र में भी धान खरीदी बंद रहने की जानकारी मिला है। इसी प्रकार विगत दिनों जिले की मिर्रिटोला, पलारी, कुसुमकसा सहित दर्जनों धान खरीदी केंद्र भी प्रभावित रहा। यही स्थित धान खरीदी केंद्र धनोरा की भी बताई जा रही है

अवगत हो कि जिले के सोसायटियों में समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान की परिवहन नहीं होने के कारण जगह की कमी के चलते धान खरीदी प्रभावित हो रही है। चूंकि अधिकांश सोसायटियों में बफर लिमिट से तीन से चार गुना धान का स्टॉक हो गया है। गुदुम सोसायटी में इस वर्ष 44 हजार क्विंटल धान खरीदी किया जाना है जिसमें से शनिवार तक 22776.80 क्विंटल धान खरीदी की जा चुकी है। इसी प्रकार कुआंगोंदी सोसायटी में 40 हजार क्विंटल धान खरीदी किया जाना है जिसमें से 19.63 हजार क्विंटल धान खरीदी की जा चुकी है तथा आमाडूला सोसायटी में 40 हजार क्विंटल धान खरीदी किया जाना है जिसमें से 16400 क्विंटल धान खरीदी की जा चुकी है व मंगलतराई सोसायटी में 36 हजार क्विंटल धान खरीदी किया जाना है जिसमें से 14502.80 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। लेकिन परिवहन के अभाव में किसानों से धान खरीदी करने के लिए अब जगह की कमी पड़ रहा है।
विदित हो कि दिनांक 14 नवंबर से 31जनवरी तक समर्थन मूल्य पर धान खरीदी किया जाना है लेकिन अव्यवस्था के कारण विभिन्न सोसायटियों के हजारों किसान अब तक धान का एक दाना भी नहीं बेच पाए हैं। यदि अव्यवस्था का आलम इसी प्रकार रहा तो आगामी दिनों में किसानों के आक्रोश को संभालना शासन प्रशासन के लिए मुश्किल होगा।
छ ग प्रदेश ब्यूरो विद्या सागर गंजीर की रिपोर्ट
