बालोद जिला अंतर्गत जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 04 से नम्रता उज्जवल साहू ने की दावेदारी।

बालोद (सजग प्रहरी)। बालोद जिला अंतर्गत गुरूर विकास खण्ड के ग्राम पंचायत सांगली की भाजपा समर्थित सरपंच श्रीमती नम्रता उज्जवल साहू ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा मंडल सनौद सहित भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन साहू के समक्ष जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 04 से जिला पंचायत सदस्य पद पर चुनाव लड़ने हेतु दावेदारी पेश की है। श्रीमती नम्रता साहू के दावेदारी से उनके समर्थकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है तथा उनके समर्थकों ने मीडिया से चर्चा करते हुए आत्मविश्वास से लबरेज होकर दावा किया है कि भाजपा यदि श्रीमती नम्रता साहू को उम्मीदवार घोषित करती है तो वे रिकॉर्ड तोड़ मतों से विजयी होंगी तथा क्षेत्र का चहुमुखी विकास भी होगा।

अवगत हो कि श्रीमती नम्रता साहू वर्ष 2005 से भारतीय जनता पार्टी की सक्रिय सदस्य है तथा त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2020 में वे ग्राम पंचायत सांगली की सरपंच चुनी गई है। इस दौरान अपने सरपंची कार्यकाल में उन्होंने ग्राम सांगली के मूलभूत समस्याओं का निदान करने के अलावा विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्य करवा कर ग्राम सांगली के सर्वांगीण विकास में अपनी महती भूमिका निभाई है।

वहीं उनके पति श्री उज्जवल साहू क्षेत्र के कद्दावर नेताओं की गिनती में शुमार है जिन्होंने भारतीय जनता पार्टी के मंडल एवं जिले में विभिन्न पदों पर रहते हुए पार्टी की समर्पित भाव से अपने दायित्वों का निर्वहन किया है।
फलस्वरूप भारतीय जनता पार्टी ने उन पर भरोसा करते हुए जल उपभोक्ता संस्था कंवर क्षेत्र से उन्हें चुनाव लड़वाया जहां उज्जवल साहू ने भारी मतों से विजयी होकर क्षेत्र के किसानों का सेवा करते रहे हैं। इसी प्रकार वे कृषि उपज मंडी बालोद के सदस्य के रूप में भी लगातार क्षेत्र के किसानों सहित आम लोगों के सुख–दुख में सहभागी बनकर सेवा करते रहे हैं। जिसका लाभ प्रत्यक्ष रूप से श्रीमती नम्रता साहू को मिलेगा।
