बालोद जिले के नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा ने जमाया कब्जा, कांग्रेस नेतृत्व को लगा जोर का झटका।
नगरीय निकाय चुनाव के परिणाम का सीधा असर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भी पड़ने की जताई जा रही है संभावना।
बालोद सजग प्रहरी। बालोद जिले के नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस नेतृत्व को बड़ा जोर का झटका लगा है, वहीं भाजपा ने शानदार विजय हासिल कर जिले के नगरीय निकायों में कब्जा जमा लिया है। जिले के दो नगर पालिका सहित छः नगर पंचायत में चुनाव संपन्न हुआ है, जहां पर बालोद नगर पालिका में भाजपा उम्मीदवार प्रतिभा चौधरी एवं दल्ली राजहरा नगर पालिका में तोरण साहू ने जीत दर्ज किया है। इसी प्रकार छः नगर पंचायत जिसमें गुरूर से प्रदीप साहू , गुण्डरदेही से प्रमोद जैन, अर्जुन्दा से प्रणेश जैन निर्दलीय, डौंडीलोहारा से कुंवर लाल निवेंद्र सिंह टेकाम, डौंडी मोहंती चोरका सहित चिखलाकसा में भी भाजपा उम्मीदवार ने जीत दर्ज किया है। इस प्रकार पूरे बालोद जिले में कांग्रेस उम्मीदवारों का सुपड़ा साफ हो गया है।
अवगत हो कि जिले के संजारी बालोद विधानसभा में उत्कृष्ट विधायक संगीता सिन्हा लगातार दूसरी कार्यकाल विधायकी कर रही हैं। इसी प्रकार डौंडीलोहारा विधानसभा में पूर्व कैबिनेट मंत्री अनिला भेड़िया लगातार तीसरी कार्यकाल विधायकी कर रही हैं, तथा गुण्डरदेही विधानसभा में भी पूर्व संसदीय सचिव कुंवर सिंह निषाद का दूसरी विधायकी कार्यकाल है, जिन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष पद एवं पार्षद पद के उम्मीदवारों के पक्ष में जनसभा सहित धुंआधार जनसंपर्क करते हुए चुनाव प्रचार किया था, लेकिन उपरोक्त नेताओं ने जिले में हुए नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस का सुपड़ा साफ होने से नहीं बचा पाया। वहीं नगरीय निकाय चुनाव में आए परिणाम का सीधा असर अब आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भी पड़ने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।
