ग्राम पंचायत खर्रा में सरपंच पद के लिए मचा घमासान, सिर फुटव्वल की स्थिति निर्मित।
बनवाली राम साहू जीत के प्रति आश्वस्त, लेकिन प्रतिद्वंदी उम्मीदवार भी नहीं छोड़ रहे कोई कोर कसर बाकी।

बालोद सजग प्रहरी। बालोद जिले के गुरूर विकास खण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत खर्रा हमेशा से कुछ न कुछ कारणों से चर्चा में जरूर रहता है। इस बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सरपंच बनने इस ग्राम में होड़ मची हुई बताई जा रही है। जहां पर सरपंच पद हेतु चार उम्मीदवार चुनाव मैदान में किस्मत आजमा रहे हैं जिसमें से बनवाली राम साहू चश्मा छाप, ठाकुर राम पटेल फलों सहित नारियल का पेड़ छाप, उत्तम साहू हैंडपंप छाप तथा भगवती राम साहू गिलास छाप चुनाव चिन्ह लेकर चुनाव मैदान में डटे हुए है।

मतदान मात्र एक ही दिन शेष बचे है ऐसे में हर एक प्रत्याशी एक दूसरे को पछाड़ने तरह तरह के हथकंडे अपना रहे हैं, तो कई लोग अपनी पुरानी खुन्नस का बदला लेने ताक में बैठे हुए बताए जा रहे हैं। ऐसा ही मामला आजकल ग्राम खर्रा में देखने को मिल रहा है जहां पर एक उम्मीदवार बनवाली राम साहू के खिलाफ उनके चरित्र पर लांछन लगाते हुए उन्हें चरित्रहीन बताते हुए पोस्टर–पर्चा वार जारी है।
वहीं मामले में लगाए जा रहे आरोप को लेकर उम्मीदवार बनवाली राम साहू ने कहा कि ग्राम पंचायत खर्रा के जनता जनार्दन मेरे व्यक्तित्व को अच्छी तरह से जानते, समझते है, वे किसी के साजिश या बहकावे में नहीं आने वाले हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि ग्राम खर्रा के आम मतदाताओं का आशीर्वाद मुझे ही मिलेगा और प्रचंड बहुमत से विजय हासिल करेंगे। वहीं उम्मीदवा ठाकुर राम पटेल ने कहा कि ग्राम खर्रा के सर्वांगीण विकास करने के लिए ग्रामीणों ने पक्का मन बना लिया है कि उनके फलों सहित नारियल का पेड़ छाप में मुहर लगा कर उन्हें भारी बहुमत के साथ ग्राम पंचायत खर्रा के सरपंच का ताज उनके सिर पर सजाएंगे। इसी प्रकार के दावे अन्य दावेदारों ने भी किया। लेकिन हमारे मीडिया टीम ने गांव के लोगों से मिलकर चुनावी स्थिति का जायजा लिया जहां पर बनवाली राम साहू एवं ठाकुर राम पटेल के बीच कांटे की टक्कर बताई जा रही है। अब देखना होगा कि मतदान दिनांक को जनता जनार्दन का आशीर्वाद किसके झोली में आएगा और कौन ग्राम सरकार का मुखिया बनेगा।
