वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व सरपंच मोती राम सिन्हा कह गए अलविदा।
बालोद सजग प्रहरी। बालोद जिले के गुरूर विकास खण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत चिटौद के पूर्व सरपंच एवं वरिष्ठ समाजसेवी श्री मोती राम सिन्हा का दिनांक 20 मार्च 2025 दिन गुरुवार को अचानक हृदयगति रुक जाने से निधन हो गया है। वे अपने पीछे एक भरापूरा परिवार छोड़कर सभी को कह गए अलविदा।
विदित हो कि श्री सिन्हा जी क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित वरिष्ठ नागरिक, समाजसेवी के रूप में विख्यात शख्स थे, वे ग्राम पंचायत चिटौद के पूर्व सरपंच सहित विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक पदों को सुशोभित कर चुके हैं, उनके नेतृत्व में ग्राम पंचायत चिटौद में कई विशेष उल्लेखनीय विकास एवं निर्माण कार्य हुए हैं जिसके चलते आज ग्राम चिटौद का एक अलग ही स्वरूप नजर आता है। वे एक स्वच्छ छबि के मिलनसार व्यक्तित्व के धनी एवं समदर्शी व्यक्ति थे।
गुरुवार को उनके अंतिम संस्कार कार्यक्रम में क्षेत्र के राजनीतिक, सामाजिक सहित ग्राम चिटौद के गणमान्य लोगों के साथ भारी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इस दौरान लोगों ने श्री सिन्हा जी के व्यक्तित्व की तारीफ करते हुए परमात्मा से मृतात्मा को शांति प्रदान करने के लिए शांति सभा का आयोजन कर उनके मोक्ष की कामना किया। वहीं कार्यक्रम में उपस्थित जन समुदाय का उनके पुत्र विवेक सिन्हा एवं हिमांशु सिन्हा ने आभार व्यक्त करते हुए 24 मार्च 2025 को संपूर्ण कार्यक्रम में पुनः उपस्थित होने का आग्रह किया।
