आम आदमी पार्टी ने प्रदेश व्यापी NHM हड़ताली कर्मचारियों के समर्थन में स्वास्थ्य सचिव को सौंपा ज्ञापन।
रायपुर/बालोद/ सजग प्रहरी। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एनएचएम कर्मचारियों द्वारा अपनी 10 मांगों को लेकर अनिश्चित कालीन हड़ताल और 16000 कर्मचारियों के सामूहिक इस्तीफा को लेकर सरकार द्वारा उनके जायज मांगों का अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी ने दिनांक 08 सितंबर को स्वास्थ्य सचिव को सौंपा ज्ञापन।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल साहू ने कहा कि हड़ताली 25 कर्मचारियों को बर्खास्त करना सरकार द्वारा कर्मचारियों के साथ अन्याय पूर्ण है। भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में कहा था, कि 100 दिन के अंदर एक कमेटी बनाकर सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों का नियमितीकरण करेंगे, लेकिन आज भाजपा अपने वादे से मुकर रही है। हड़ताल से अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं बाधित हुई है और मरीजों को गंभीर कठिनाइयों का स्थापना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एनएचएम कर्मचारियों की सेवा अत्यंत जरूरी सेवाओं में से एक है और कर्मचारी अपने नियमितीकरण की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वैसे भी छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य व्यवस्था अत्यंत लचर है। सरकार उनकी मांग मानने के बजाय उनको सेवा से पृथक कर रही है। यह सरकार की छत्तीसगढ़ की जनता के स्वास्थ्य के प्रति असंवेदनशीलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा एनएचएम कर्मचारियों को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके नियमितीकरण पर प्रदेश सरकार का कहना है कि नियमितीकरण केंद्र सरकार करेगी, जबकि वास्तविकता यह है कि नियमितीकरण राज्य सरकार के हाथ में है।
उन्होंने बड़ा सवाल खड़ा करते हुए पूछा है कि यदि नियमितीकरण केंद्र सरकार की जिम्मेदारी कहते है तो फिर चुनावी घोषणा पत्र में प्रदेश भाजपा ने नियमितीकरण की बात क्यों कहा था? क्या भाजपा का घोषणा पत्र चुनावी जुमला था? क्या भाजपा ने जानबूझकर इन कर्मचारियों से नियमितीकरण करने का का झूठा वादा किया था?

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी एनएचएम कर्मचारियों के साथ है और सरकार से मांग करती है कि बर्खास्त 25 एनएचएम कर्मचारियों की बहाली की जाए तथा कार्य नहीं वेतन नहीं सिद्धांत की बजाय सभी हड़ताली कर्मचारियों को हड़ताल अवधि का भी पूरा वेतन दिया जाए और यदि सरकार जल्द ही उनकी मांगों को पूरा नहीं करती है तो आने वाले दिनों में आम आदमी पार्टी प्रदेश व्यापी आंदोलन करेगी तथा स्वास्थ्य मंत्री की बंगले का भी घेराव करने की चेतावनी दी है।
