पच्चीस साल पुरानी जर्जर सड़क पर आवागमन को मजबूर राहगीर।
विभागीय लापरवाही को लेकर ग्राम अमलीडीह एवं हसदा के ग्रामीणों में भारी आक्रोश।

लोगों ने अविलंब कुर्रा से अमलीडीह, हसदा मार्ग की चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण की किया है मांग।
बालोद/धमतरी/सजग प्रहरी।
किसी भी देश, प्रदेश या गांव की विकास की परिकल्पना तभी साकार हो सकती है जब उन्हें बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो। जिसमें सबसे पहले पानी, सड़क, बिजली का होना नितांत आवश्यक है। जो भी सरकारें देश एवं प्रदेश में सत्तासीन होती है विकास का नाम लेकर खूब ढिंढोरा पीटती है, लेकिन धमतरी एवं बालोद जिले को जोड़ने वाली कुर्रा, अमलीडीह, हसदा मार्ग अत्यंत जर्जर हो चुकी है लेकिन शासन प्रशासन इस सड़क की सुध लेना ही भूल गया है। क्षेत्र के लोगों को इसी लगभग पच्चीस साल पुरानी जर्जर मार्ग में आवागमन करना उनकी नियति बन गई है। उक्त सड़क इतनी जर्जर हो चुकी है कि इस सड़क में आवागमन करने वाले राहगीर अक्सर दुर्घटनाओं का लगातार शिकार हो रहे हैं।
विदित हो कि उक्त सड़क को लेकर धमतरी विधायक ओंकार साहू के अनुशंसा पर कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग धमतरी ने अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग रायपुर को पत्र के माध्यम से अवगत कराया है कि वित्तीय वर्ष 2024–25 के बजट मद क्रमांक 3086 मांग संख्या 24– 5054–04 –337–0101–1513 जिले के मुख्य सड़कों का निर्माण अंतर्गत जिला धमतरी के अर्जुनी, भानपुरी , तरसीवा, कुर्रा, अमलीडीह, हसदा मार्ग दस किलोमीटर का चौड़ी करण एवं मजबूतीकरण लागत राशि 2709.70 लाख रुपए का प्राक्कलन प्रशासकीय स्वीकृति बाबत प्रेषित किया गया है।

उक्त सड़क धमतरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक महोदय के प्राथमिकता सूची के क्रम 02 में संलग्न होने के बावजूद उक्त सड़क आज पर्यंत जर्जर स्थिति में होना घोर विभागीय लापरवाही की ओर इंगित कर रहा है। उपरोक्त मामले को लेकर प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री को इस बाबत ध्यान देने की विशेष आवश्यकता है। उक्त जर्जर सड़क की स्थिति को लेकर क्षेत्र में भारी असंतोष एवं आक्रोश देखा जा रहा है।
क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों के राहगीरों सहित ग्राम हसदा के सरपंच धनंजय कुमार, उपसरपंच खिलावन सिंह सोनबेर, पिलूराम साहू, ऐश्वर्य कुमार भेसले, तुकेश कुमार भेसले, कुलदीप कुमार साहू, शैलेन्द्र कुमार साहू, तामेश्वर निर्मलकर, तुलाराम साहू, भुवन लाल साहू, ताराचंद भेसले तत्काल उक्त जर्जर सड़क की चौड़ी करण एवं मजबूतीकरण की मांग किया है।
उपरोक्त लोगों ने मीडिया से चर्चा करते हुए शासन प्रशासन पर आरोप लगाया है कि अर्जुनी से कुर्रा तक तो सड़क चौड़ी करण एवं मजबूतीकरण का कार्य कर दिया गया है लेकिन ग्राम कुर्रा से अमलीडीह, हसदा मार्ग को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है जो कि विभागीय घोर लापरवाही को प्रदर्शित कर रहा है।
