अनुकरणीय पहल: जन सहयोग संस्था ने निको पार्क में चलाया स्वच्छता अभियान।
कांकेर/सजग प्रहरी।
कांकेर शहर तथा प्रदेश की सुविख्यात समाजसेवी संस्था “जन सहयोग” द्वारा आज अपने अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के नेतृत्व में दूरसंचार कार्यालय के पास स्थित निको पार्क की जमकर साफ सफ़ाई की गई और कई ट्राली कचरा निकाला गया।
ज्ञातव्य है कि साल भर से सफ़ाई नहीं होने के कारण सारे पार्क में बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई थीं और अनावश्यक कचरा भी बहुत अधिक हो गया था, जिसमें असामाजिक तत्वों द्वारा फेंकी गई शराब की खाली बोतलें, पाउच आदि बड़ी तादाद में थे। शाम होने के पश्चात यह पार्क शराबियों का अड्डा बन जाता था, जहां लोग जाने से बहुत डरते थे आशा की जाती है कि आज की साफ सफ़ाई के पश्चात अब शासन द्वारा भी इधर ध्यान दिया जाएगा और सवेरे तथा शाम के समय पुलिस की उचित व्यवस्था भी इस इलाके में की जाएगी ताकि लोग निर्भय होकर पार्क के शुद्ध वातावरण का लाभ उठा सकें।
आज के इस श्रमदान में “जन सहयोग ” के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के अलावा भूतपूर्व सैनिक कल्याण परिषद के टी.के.जैन, धर्मेंद्र देव, जितेंद्र प्रताप देव, करण नेताम, प्रवीण गुप्ता, शैलेंद्र देहारी, जितेश यादव सदन यादव, तनीषा गोरी, अलका गोरी, काव्या साहू आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही, जिन्होंने अपने अथक परिश्रम से आज के स्वच्छता अभियान को सफल बनाया। जिसकी सराहना सर्वत्र की जा रही है।
