मुल्ले के कुंजाम पारा में बोर खनन व टंकी निर्माण का भूमि पूजन, उपाध्यक्ष तोमन साहू ने दी विकास कार्यों की सौगात
बालोद। बालोद विकासखंड के वनांचल ग्राम मुल्ले (कुंजाम पारा) में पेयजल समस्या के निराकरण के लिए बोर खनन और पानी टंकी निर्माण का भूमि पूजन संपन्न हुआ। जिला पंचायत उपाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन श्री तोमन साहू ने अपनी निधि से स्वीकृत इन कार्यों का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को पुल निर्माण और जलाशय के गहरीकरण का भरोसा भी दिलाया।

जनता की समस्याओं से हुए रूबरू
भूमि पूजन के अवसर पर उपाध्यक्ष तोमन साहू ने स्थानीय निवासियों से मुलाकात कर क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं पर चर्चा की। ग्रामीणों ने कुंजाम पारा को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए पुल की आवश्यकता बताई, जिस पर श्री साहू ने जल्द ही पुल निर्माण कराने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही उन्होंने कुंजाम पारा स्थित ‘यादव बांध’ के जल्द गहरीकरण की बात भी कही, जिससे क्षेत्र में जल स्तर और सिंचाई सुविधा में सुधार होगा।
सड़क निर्माण के लिए मंत्री से करेंगे चर्चा
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने हर्राठेमा से मुल्ले होते हुए मालगांव तक पहुँच मार्ग के निर्माण की प्रमुख मांग रखी। श्री साहू ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वे इस संबंध में जल्द ही विभागीय मंत्री से मुलाकात करेंगे और सड़क की स्वीकृति दिलाकर निर्माण कार्य शुरू करवाएंगे।

ग्रामीणों में हर्ष का माहौल
तांदुला जलाशय के अंतिम छोर पर बसे इस वनांचल क्षेत्र में अपने प्रतिनिधि को बीच पाकर ग्रामीण काफी उत्साहित नजर आए। विकास कार्यों की घोषणा और समस्याओं के त्वरित निराकरण के आश्वासन से पूरे कुंजाम पारा और ग्राम पंचायत मालगांव में खुशी का माहौल है।
