नगर पंचायत पलारी : चुनावी रणभेरी बजी, भाजपा के अनुभव के सामने कांग्रेस ने युवा चेहरे पर खेला दांव
बालोद/गुरूर। बालोद जिले के नगर पंचायत पलारी में नगरीय निकाय चुनाव का बिगुल फूंक चुका है। यहां अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला बेहद रोचक होने वाला है, जहाँ भारतीय जनता पार्टी ने अपने वरिष्ठ और अनुभवी नेता लखन लाल गुरुपंच को चुनावी मैदान में उतारा है, वहीं कांग्रेस पार्टी ने उच्च शिक्षित और जुझारू युवा नेता यानेश साहू पर भरोसा जताते हुए उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया है।
जीत के प्रति आश्वस्त नजर आए यानेश
प्रत्याशी घोषित होने के बाद मीडिया से मुखातिब हुए कांग्रेस उम्मीदवार यानेश साहू ने अपनी जीत को लेकर आश्वस्त रुख दिखाया। पत्रकारों के तीखे सवालों का बेबाकी से जवाब देते हुए यानेश ने दावा किया कि आगामी चुनाव में कांग्रेस प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन उनके साथ है और वे नगर के विकास के लिए पूरी तरह समर्पित हैं।
कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल
युवा नेता यानेश साहू के चुनावी मैदान में उतरने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। मीडिया से चर्चा के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद समर्थकों ने उनके पक्ष में नारेबाजी की। यानेश साहू की उच्च शिक्षा और क्षेत्र में उनकी सक्रियता को कांग्रेस अपनी मजबूती मान रही है, जबकि भाजपा लखन लाल गुरुपंच के लंबे राजनीतिक अनुभव के सहारे चुनावी वैतरणी पार करने की तैयारी में है। अब देखने वाली बात होगी कि नगर पलारी की मतदाता इस नगरीय निकाय चुनाव में ताज का सेहरा किसके सिर पर बांधेगी!
संवाददाता –हेमलाल साहू की रिपोर्ट
