खैरवाही के शासकीय हाई स्कूल में शाला प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन, बच्चों को बांटी गई पाठ्य सामग्रियां
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिला अंतर्गत विकास खंड डौंडी के शासकीय हाई स्कूल खैरवाही में नए शैक्षणिक सत्र के अवसर पर ‘शाला प्रवेश उत्सव’ कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्कूल के नए छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि और सांसद प्रतिनिधि सह एसएमडीसी अध्यक्ष माधवन डोंगरे के कर कमलों से बच्चों को निःशुल्क पाठ्य सामग्रियां और जरूरी चीजें प्रदान की गईं, जिसे पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह में मुख्य रूप से ग्राम पंचायत की सरपंच सुश्री वंदना ठाकुर, जनपद सदस्य (क्षेत्र क्रमांक 9) शिवगिरी चुरेंद्र, और स्थानीय सदस्य टुमन चिंनटा गैवतम तारम शामिल हुए। सभी अतिथियों ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को नियमित रूप से शाला आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

शाला प्रबंधन को सुचारू रूप से चलाने और कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय परिवार की मुख्य भूमिका रही। संस्था प्रमुख एवं प्राचार्य सोहन कुमार साहू (एस. के. साहू) के नेतृत्व में समस्त स्टाफ ने व्यवस्थाएं संभालीं। इस अवसर पर व्याख्याता एसराम ठाकुर, ऊष्मा ठाकुर, दीपिका देवांगन, और लिकेश कुमार गंजीर सहित अमरदीप गुप्ता उपस्थित रहे। इसके साथ ही प्राथमिक शाला आवास पारा की प्रधान पाठिका राजमती देवांगन और शिक्षिका पदमा ध्रुवे ने भी कार्यक्रम में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के अंत में शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष माधवन डोंगरे ने सभी शिक्षकों, पालकों और बच्चों को नए सत्र की शुभकामनाएं दीं।
संवाददाता –हेमलाल साहू की रिपोर्ट
