ग्रामीणों ने लगाया सरपंच पर मनमानी का आरोप, सरपंच ने कहा आरोप निराधार।

0
Share this news

गुरूर/सजग प्रहरी।
बालोद जिला अंतर्गत गुरूर विकास खण्ड के ग्राम पंचायत कनेरी के कुछ ग्रामीणों ने सरपंच पर मनमानी करने एवं निर्माण कार्य में धांधली करने का आरोप लगाया है। वहीं मामले को लेकर सरपंच श्रीमती दिनेश्वरी सिन्हा ने उपरोक्त आरोप को बेबुनियाद एवं उनकी छवि धूमिल करने की साजिश का हिस्सा बताया।


ग्रामीणों ने सरपंच श्रीमती दिनेश्वरी सिन्हा पर आरोप लगाते हुए अनुविभागीय अधिकारी गुरूर, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता संजय साहू सहित कलेक्टर बालोद को लिखित शिकायत किया है कि ग्राम पंचायत कनेरी में 15वें वित्त की राशि से बनने वाली सार्वजनिक शौचालय निर्माण कार्य की राशि को गबन कर लिया गया है। शिकायत कर्ताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि 15 वें वित्त योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2023–24 में ग्राम के वार्ड क्रमांक 20 में सार्वजनिक शौचालय निर्माण बाबत प्रस्ताव पारित करवाकर राशि आहरण कर लिया गया, लेकिन उनके द्वारा शौचालय निर्माण नहीं करवाया गया।

उन्होंने बताया कि पंच शिवेन्द्र साहू के द्वारा उपरोक्त मामले पर सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत जानकारी चाहने पर समयावधि में जानकारी प्रदान नहीं किया गया। बल्कि आरोप से बचने के लिए नियम कायदे को दरकिनार कर आनन फानन में गुणवत्ता विहीन शौचालय निर्माण कार्य चालू कर दिया गया है। जबकि ग्राम पंचायत के सचिव कामता प्रसाद देवांगन ने ऐसी किसी भी प्रकार की शौचालय निर्माण किए जाने के बारे में जानकारी नहीं होने की बात बताई जा रही है।

वहीं उन पर लगाए जा रहे आरोप को लेकर सरपंच दिनेश्वरी सिन्हा ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि तकनीकी कारणों से भले ही निर्माण कार्य में देरी हुई है लेकिन किसी भी प्रकार का कोई गबन नहीं किया गया है, बल्कि गुणवत्ता युक्त शौचालय का निर्माण किया जा रहा है। ग्राम कनेरी की जनता ने उन्हें त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में उन पर भरोसा जताते हुए दूसरी बार उन्हें प्रतिनिधित्व करने का जनादेश दिया तथा आम जनता की उम्मीदों पर वे हमेशा खरी उतरी है। उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक विरोधीगण उनकी बढ़ती लोकप्रियता से बौखला कर उनकी छवि धूमिल करने की आशय से उनपर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विरोधियों का काम है विरोध करना। आम जनता का आशीर्वाद उन्हें लगातार मिल रहा है तथा वे ग्राम पंचायत कनेरी का सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उनके राजनीतिक विरोधी उन्हें हतोत्साहित करना चाहते हैं लेकिन उनके मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों