दल्लीराजहरा में 20 को मनेगा भगवान परशुराम प्राकट्योत्सव, निकलेगी भव्य बाइक रैली
दल्लीराजहरा। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भगवान विष्णु के छठवें अवतार भगवान श्री परशुराम जी का प्राकट्योत्सव 20 तारीख को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। ब्राह्मण समाज दल्लीराजहरा के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम वार्ड नं-22 स्थित ब्राह्मण समाज भवन परिसर (श्रमवीर चौक के पास) में संपन्न होगा।

समाज के प्रवक्ता कमल शर्मा ने अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी की ओर से कार्यक्रम का विवरण साझा करते हुए बताया कि आयोजन की शुरुआत सुबह 9:00 बजे भव्य बाइक रैली से होगी। यह रैली नगर भ्रमण कर वापस समाज भवन पहुंचेगी। इसके बाद सुबह 10:30 बजे से भगवान परशुराम की वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी।
धार्मिक अनुष्ठानों की कड़ी में सुंदरकांड, हनुमान चालीसा एवं श्री संकट मोचन हनुमान अष्टक का पाठ किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतिम चरण में विधिवत हवन, महाआरती और प्रसाद वितरण होगा। ब्राह्मण समाज ने समस्त स्वजातीय बंधुओं से इस आयोजन में शामिल होने की अपील की है।
