गुण्डरडेही: 14 मई को सजेगी ‘एक शाम माँ कौशल्या के नाम’ की आध्यात्मिक महफ़िल
आगामी 14 मई को एक भव्य आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम “एक शाम माँ कौशल्या के नाम” का आयोजन किया जा रहा है। शाम 6:00 बजे से शुरू होने वाला यह कार्यक्रम मातृशक्ति और आध्यात्मिक चेतना को समर्पित होगा।

नगर पंचायत अध्यक्ष श्री प्रमोद जैन के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जामड़ी पाटेश्वरधाम के प्रसिद्ध संत रामबालक दास महात्यागी उपस्थित रहेंगे। आयोजन को लेकर नगर में उत्साह का माहौल है।
कार्यक्रम के दौरान संत रामबालक दास अपने विशेष प्रवचनों के माध्यम से माता कौशल्या के महान त्याग और भगवान श्रीराम के आदर्शों पर प्रकाश डालेंगे। आयोजक प्रमोद जैन ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक जागरूकता फैलाना और नई पीढ़ी को हमारे सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना है।
